DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लावारिस मवेशियों की समस्या को लेकर किसान हुए लामबंद

खरीफ सीजन से पहले 15 गांवों के किसान करेंगे रणनीति तैयार

बालोद। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले क्षेत्र में बढ़ती लावारिस मवेशियों की समस्या को लेकर किसान अब संगठित होने लगे हैं। फसलों को हो रहे नुकसान और खेती में आ रही परेशानियों को देखते हुए विभिन्न गांवों के किसान बैठक कर आगे की रणनीति बनाने की तैयारी में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार बघेली, माहुद, मोहंदीपाट, गबदी, खुरसुनी, चिरचार, सिब्दी, भरदाकला, बोडेना, टेकापार, खुरसुल, देवरी, जेवरतला, बरबसपुर एवं बुढ़ानपुर सहित करीब 15 गांवों के किसान, सरपंच एवं जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर एकजुट हो रहे हैं।

किसानों द्वारा बताया गया कि खरीफ सीजन प्रारंभ होने में लगभग एक माह का समय शेष है, लेकिन लावारिस मवेशियों के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। रात के समय खेतों में घुसकर मवेशी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है।

इसी विषय को लेकर आगामी रविवार 24 मई को भरदाकला में सुबह 9 बजे किसानों की बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में लावारिस मवेशियों की समस्या के समाधान सहित अन्य कृषि संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

इस संबंध में जानकारी ग्राम बघेली निवासी भुनेश्वर ठाकुर द्वारा दी गई। किसानों ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बैठक में शामिल होकर समस्या के स्थायी समाधान के लिए सहयोग की अपील की है।

भरदाकला/अर्जुंदा से क्रांतिभूषण साहू की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page