DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दादी ने पोती का जन्मदिन बनाया सेवा और संस्कार का उत्सव

प्रशामक गृह बालोद में बुजुर्गों को साड़ी-शर्ट भेंट कर लिया आशीर्वाद

बालोद। शहर के प्रशामक गृह (वृद्धाश्रम) में एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब दल्लीराजहरा वार्ड क्रमांक-24 निवासी समाज सेविका राधा साहू ने अपनी पोती वामिका साहू (ओशी) के जन्मदिन को सेवा और संस्कार के रूप में मनाया।

इस अवसर पर राधा साहू ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को साड़ी एवं शर्ट भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी, अपनापन और भावुकता साफ दिखाई दी।

राधा साहू ने कहा कि बच्चों का जन्मदिन केवल केक काटने और उत्सव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों के साथ खुशियां बांटकर मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में सेवा, संस्कार और सम्मान की भावना विकसित होती है।

छोटी बच्ची वामिका साहू (ओशी) ने भी अपने हाथों से बुजुर्गों को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान वृद्धाश्रम परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सेवा और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी बुजुर्गों ने वामिका को उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया। पूरा आयोजन भावुक, प्रेरणादायक और यादगार बन गया।

You cannot copy content of this page