आत्मज्ञान भवन बालोद में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में मीडिया जगत का हुआ सम्मान

बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आत्मज्ञान भवन बालोद में स्नेह मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों का सम्मान किया गया तथा हाल ही में माउंट आबू में आयोजित मीडिया कार्यक्रम से लौटे पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार उत्तम साहू एवं बोधन भट्ट का विशेष सम्मान किया गया। दोनों पत्रकारों ने माउंट आबू में आयोजित मीडिया विंग कार्यक्रम के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां का वातावरण अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर है। उन्होंने कहा कि संस्था के विभिन्न विभाग विशाल स्तर पर संचालित हैं और वहां पहुंचने पर वास्तविक शांति का अनुभव होता है।

उन्होंने बताया कि मीडिया विंग कार्यक्रम में मीडिया के इतिहास, उद्देश्य, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में देशभर से लगभग साढ़े चार सौ पत्रकार शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि “स्व परिवर्तन से ही विश्व परिवर्तन संभव है” और आज के समय में आध्यात्मिकता मानव जीवन को सशक्त बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की अहम भूमिका : बीके विजयलक्ष्मी दीदी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी संस्था बालोद की संचालिका बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार संस्था के कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रकाशित कर समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जो एक प्रकार से ईश्वरीय सेवा है।
उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार न हों तो समाज और कानून व्यवस्था की पारदर्शिता भी प्रभावित हो सकती है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार टीकम पिपरिया, जितेंद्र साहू, दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़े भाई-बहन उपस्थित रहे। इस दौरान बीके सरिता दीदी, बीके नेहा बहन सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बाबा को भोग लगाकर टोली वितरण किया गया।
सितंबर में फिर माउंट आबू जाएंगे पत्रकार

कार्यक्रम के दौरान कई पत्रकारों ने पिछली बार माउंट आबू कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने पर अफसोस जताया और आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले मीडिया विंग कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने सभी पत्रकारों से परिवार सहित माउंट आबू आने का आग्रह किया। समारोह में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
