DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुण्डरदेही में जनसमस्या निवारण शिविर बना सौगातों का केंद्र, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

बालोद/गुंडरदेही। नगर पंचायत गुण्डरदेही कार्यालय परिसर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए राहत और सौगातों से भरा साबित हुआ। “संवाद से संपूर्ण समाधान” थीम पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं, वहीं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम में गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राजेंद्र कुमार राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यदु, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, उपाध्यक्ष विजय सोनकर, जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, खाद्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पुलिस, मत्स्य पालन, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, वन, श्रम, क्रेडा सहित कई विभागों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी और सेवाएं प्रदान कीं।

153 आवेदन प्राप्त, मौके पर हुआ निराकरण

शिविर में कुल 153 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 131 मांग संबंधी और 22 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। नगर पंचायत, राजस्व, समाज कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, पुलिस एवं अन्य विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही कार्रवाई की गई।

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को ई-ट्राइसिकल, श्रवण यंत्र और छड़ी वितरित की गई। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को मछली जाल प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड वितरित किए, जबकि नगर पंचायत द्वारा नए राशन कार्ड सौंपे गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबी प्रदान की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

बाल विवाह रोकने दिलाई शपथ

मिशन वात्सल्य एकीकृत बाल संरक्षण सेवा के तहत उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने एवं बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी की विशेष झलक देखने को मिली।

जनप्रतिनिधियों ने दिया संवेदनशील निराकरण का संदेश

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही मुख्य उद्देश्य है।

पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख ने भी शिविर की सराहना करते हुए इसे सुशासन और जनसंवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

गुण्डरदेही से प्रेम प्रकाश साहू की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page