बालोद। बीएसपी राजहरा में हुए दुखद हादसे को लेकर जिला इंटक कांग्रेस अध्यक्ष सनी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृत मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने इस हादसे को प्रशासन और भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताया है।
सनी जायसवाल ने कहा कि हर वर्ष 1 मई को मजदूर दिवस मनाकर और बड़े-बड़े भाषण देकर मजदूर हितैषी होने का दावा किया जाता है, लेकिन यदि मजदूरों की सुरक्षा और उनके परिवारों की चिंता पूरे वर्ष नहीं की जाती, तो ऐसे आयोजन केवल दिखावा बनकर रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस तभी सार्थक होगा, जब मजदूरों की सुरक्षा, उनके अधिकार और उनके परिवारों के भविष्य को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ही इस तरह के हादसे बार-बार सामने आते हैं।
मृत मजदूरों के परिवार को सहायता की मांग
जिला इंटक कांग्रेस अध्यक्ष सनी जायसवाल ने हादसे में मृत मजदूर भाइयों — बैशाखीन, राकेश और किशुन — के परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सरकार और बीएसपी प्रबंधन से निम्न मांगें रखीं —
- मृतक मजदूरों के परिवार से एक-एक सदस्य को राजहरा माइंस में अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।
- मृतक किशुन के छोटे बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी बीएसपी उठाए।
- भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए मजदूरों को नियमित सेफ्टी ट्रेनिंग दी जाए।
- कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
सनी जायसवाल ने कहा कि मजदूर देश और उद्योग की रीढ़ होते हैं। उनकी सुरक्षा और सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस व्यवस्था और संवेदनशील निर्णयों से सुनिश्चित किया जा सकता है।
