DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डौंडीलोहारा में रानी दुर्गावती की प्रतिमा लगेगी, सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख मंजूर

वार्ड-11 को मिली बड़ी सौगात, अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने जताया मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार

डौंडीलोहारा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा बालोद जिले के डौंडीलोहारा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-11 में गोंडवाना समाज की वीरांगना एवं बलिदानी महारानी रानी दुर्गावती की मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभागीय संचालनालय ने इसकी आधिकारिक मंजूरी जारी कर दी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती केवल गोंडवाना समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश की वीरता, स्वाभिमान और बलिदान की प्रतीक हैं। उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि और समाज के सम्मान के लिए प्रेरित करता रहेगा।

नई पीढ़ी को मिलेगा इतिहास से जुड़ने का अवसर

अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने कहा कि वार्ड-11 में रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना से क्षेत्रवासियों में गौरव की भावना मजबूत होगी तथा नई पीढ़ी को अपने इतिहास और बलिदानी महापुरुषों से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत लगातार क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व वार्ड-11 में नवीन आंगनबाड़ी भवन की भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

You cannot copy content of this page