सुशासन तिहार शिविरों में सरपंचों की उपेक्षा पर नाराजगी, ब्लॉक सरपंच संघ बैठक में उठे कई मुद्दे



“सरपंचों को सम्मान और मंच पर स्थान मिलना चाहिए” — कांतिभूषण साहू

डौंडीलोहारा। जनपद पंचायत डौंडीलोहारा के सभागार में ब्लॉक सरपंच संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरपंचों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। बैठक के मुख्य अतिथि जिला सरपंच संघ अध्यक्ष कांतिभूषण साहू रहे, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष पुष्पलता बघेल ने की।

सुशासन तिहार शिविर में दुर्व्यवहार का आरोप

बैठक में सरपंचों ने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के घीना शिविर में क्लस्टर के सरपंचों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। सरपंचों के अनुसार बीईओ द्वारा यह कहा गया कि “आपको यहां किसने बुलाया है, कोई व्यवस्था नहीं है।” वहीं कई विभागों द्वारा सरपंचों को पानी तक नहीं पूछे जाने को लेकर भी नाराजगी जताई गई।

अविश्वास प्रस्ताव और पंचायत विवाद पर चर्चा

बैठक में सरपंचों के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। भुरकाभाट के सरपंच ने अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। साथ ही सरपंचों ने पंचायतों में सचिवों के साथ तालमेल की कमी के कारण विवाद की स्थिति बनने की बात भी रखी।

जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों पर चिंता

ब्लॉक के सरपंचों ने क्षेत्र में पेयजल संकट और जल जीवन मिशन के अधूरे पड़े कार्यों को लेकर चिंता व्यक्त की। जिला सरपंच संघ अध्यक्ष कांतिभूषण साहू ने कहा कि जल जीवन मिशन की स्थिति बेहद दयनीय है और कई जगह ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला प्रशासन से चर्चा की जाएगी।

“पंचायती राज व्यवस्था में सरपंचों की भूमिका महत्वपूर्ण”

ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पलता बघेल ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में सरपंचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शिविर घीना में अव्यवस्था की स्थिति रही, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।

बैठक में नीता रावटे, डोमेश्वरी यादव, निर्मला ठाकुर, एकता देशलहरे, टोमीन भोयर, कीर्ति बाई, आनंदराम रावटे, गितेश घोसले, अश्वनी खरे, दीप्ति साहू, रेनू गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में सरपंच उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page