DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दल्ली राजहरा में बड़ा हादसा: सीवरेज पाइप लाइन खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 4 मजदूरों की मौत

बिना सुरक्षा इंतजाम 10 फीट गहरे गड्ढे में कराया जा रहा था काम, जांच की उठी मांग

शेखर गुप्ता, दल्लीराजहरा/बालोद। दल्ली राजहरा नगर में दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस जाने से मजदूर दब गए, जिससे चार लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में किशुन कुमार, राकेश कुमार तथा बैशाखिन नामक महिला शामिल हैं। देर रात तक मिली जानकारी में कुल चार मजदूरों की मौत की पुष्टि की जा रही है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल बताए जा रहे हैं।

मिट्टी खिसकने से मलबे में दबे मजदूर

बताया जा रहा है कि बीएसपी की सीवरेज लाइन के लिए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई और अंदर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। ऐसे में यह हादसा लापरवाही का मामला माना जा रहा है।

सांसद भोजराज नाग पहुंचे घटनास्थल

घटना की जानकारी मिलते ही कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही।

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने घटना की उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से मौत को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना से जुड़े वीडियो फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

You cannot copy content of this page