सुशासन तिहार में जनहित की बुलंद आवाज: जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने 8 मांगों को लेकर सौंपा आवेदन, कॉलेज से लेकर पर्यटन तक उठे बड़े मुद्दे



बालोद/जगन्नाथपुर। सुशासन तिहार के तहत ग्राम खपरी बोरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 1 एवं जल जतन व स्वच्छता समिति की सभापति दमयंती हरदेल ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए 8 सूत्रीय मांगों का आवेदन प्रशासन को सौंपा। उन्होंने शिक्षा, सड़क, पर्यटन, तालाब सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।


कॉलेज खोलने की प्रमुख मांग, बेटियों की पढ़ाई पर असर

जनपद सदस्य हरदेल ने सबसे अहम मुद्दा जगन्नाथपुर में शासकीय महाविद्यालय खोलने का उठाया। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र करीब 20 गांवों का केंद्र बिंदु है, लेकिन यहां कॉलेज नहीं होने से छात्र-छात्राओं को 13-20 किलोमीटर दूर बालोद और अर्जुंदा जाना पड़ता है।
खासकर बेटियों की पढ़ाई दूरी के कारण बीच में ही छूट जाती है, ऐसे में आगामी सत्र से कॉलेज खोलने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि पहले भी सर्वे और प्रस्ताव हो चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।


बांध को पर्यटन स्थल और वेटलैंड बनाने की मांग

दूसरे प्रमुख मुद्दे में हरदेल ने जगन्नाथपुर के बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि:

  • बांध के एक छोर पर 11वीं शताब्दी का प्राचीन शिव मंदिर स्थित है, जिसे राज्य संरक्षित स्मारक घोषित किया गया है, लेकिन संरक्षण कार्य नहीं हो रहा।
  • लगभग 200 एकड़ का डुबान क्षेत्र वर्षभर जलयुक्त रहता है, जिसे वेटलैंड के रूप में विकसित किया जा सकता है
  • यहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं, जो इसे प्राकृतिक पर्यटन स्थल बनाने की अपार संभावनाएं दर्शाता है।

सड़क बदहाल, ग्रामीण परेशान

जनपद सदस्य ने क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई।

  • जगन्नाथपुर से परसदा पापरा मार्ग जर्जर हालत में है, जिससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है।
  • परसदा से दरबारी नवागांव सड़क भी अब तक पक्की नहीं बन पाई, गिट्टियां उखड़ चुकी हैं—इसके डामरीकरण की मांग की गई।

तालाब, घाट और सामुदायिक भवन की मांग

हरदेल ने क्षेत्र के विकास के लिए कई अन्य मांगें भी रखीं:

  • सुंदरा तालाब में निर्मला घाट निर्माण
  • सांकरा मुक्तिधाम के पास तालाब का सौंदर्यीकरण व नौकायन सुविधा
  • जगन्नाथपुर में सामुदायिक भवन, कला मंच और डोम शेड निर्माण
  • ठेठवार यादव समाज के लिए भवन एवं भूमि आवंटन

जनसमस्याओं को लेकर सक्रियता, समाधान की उम्मीद

जनपद सदस्य दमयंती हरदेल की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा है। लोगों का कहना है कि यदि इन मांगों पर अमल होता है तो क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

👉 अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर कितनी तेजी से कार्यवाही करता है और कब तक क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है।

You cannot copy content of this page