बालोद/भिलाई। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत 166वें सप्ताह में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों—शिवनाथ घाट महमरा, हुडको तालाब भिलाई नगर, महाकाल मंदिर सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम एवं बालोद के शिव मंदिर—में सफाई कर लोगों को जागरूक किया।
🧹 घाटों और तालाबों से निकाला गया कचरा
अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने प्लास्टिक, झिल्ली, पानी पाउच, गुटखा पाउच, दोना-पत्तल, पूजा सामग्री सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। यह कचरा लंबे समय से सड़कर दुर्गंध फैला रहा था, जिसे हटाकर घाटों और तालाबों को साफ किया गया।
📢 नारे और संदेश से किया जागरूक

अभियान के दौरान लोगों को
“जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”
जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे पूजा सामग्री को इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही डालें।
🌱 पौधों की देखभाल और पर्यावरण संदेश
संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने तालाब परिसर में लगे पौधों को पानी देकर उनकी देखभाल की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल संरक्षण और हरियाली बनाए रखना बेहद जरूरी है।
⚠️ प्रशासन से सहयोग की मांग
समिति ने बताया कि हर वर्ष गर्मी से पहले तालाबों की सफाई की जाती है, लेकिन इस बार नगर निगम का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और सफाई के दौरान ही तालाब में पानी भर दिया गया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ।
साथ ही हुडको तालाब में थर्माकोल के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए प्रशासन से इस पर रोक लगाने की मांग की गई।
🏗️ पूजन सामग्री के लिए कुंड बनाने की मांग
समिति ने प्रशासन से अनुरोध किया कि तालाबों में पूजन सामग्री विसर्जन के लिए अलग कुंड का निर्माण कराया जाए, ताकि पानी स्वच्छ बना रहे और गंदगी न फैले।
🤝 टीम का संदेश
प्रदेश संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू ने कहा कि समिति स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी अपने आसपास सफाई और जागरूकता का कार्य करें।
👥 अभियान में ये रहे शामिल
इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष देशमुख, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, भानु सिंह साहू, श्वेता जैन, निकिता शिंगणे, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, भागीरथी सिन्हा, टिकेंद्र हरदेल, दाऊलाल बघेल, जवाहर शर्मा, संजय कुमार शर्मा, महेंद्र यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
👉 “स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल”—इस संदेश के साथ समिति का यह अभियान निरंतर जारी है।
