तांदुला नहर में दर्दनाक हादसा: बेटी को बचाने कूदा पिता, दोनों की मौत—भतीजी को ग्रामीणों ने बचाया



बालोद-सिकोसा/रूपचंद जैन (29 अप्रैल 2026)। जिले के पीपरछेड़ी गांव के पास तांदुला नहर में नहाने के दौरान हुए हादसे में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। इस घटना में पिता और उसकी बेटी दोनों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची, जो मृतक की भतीजी बताई जा रही है, को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया।

बेटी को बचाने कूदा पिता, खुद भी बह गया

जानकारी के अनुसार, धोबनपुरी निवासी लगभग 30-35 वर्षीय टायमन साहू अपने ससुराल पीपरछेड़ी आए हुए थे। वे गन्ने के खेत देखने पहुंचे थे और इसी दौरान अपनी बेटी और भतीजी के साथ नहर में नहाने उतरे। अचानक तेज बहाव में बेटी बहने लगी, जिसे बचाने के लिए पिता तुरंत नहर में कूद पड़ा, लेकिन दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए।

भतीजी दामिनी साहू को ग्रामीणों ने बचाया

घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी बच्ची दामिनी साहू (भतीजी) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे उसकी जान बच गई, जबकि पिता और बेटी बहते चले गए।

पिता का शव पहले मिला, अब बेटी का भी बरामद

सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद पहले टायमन साहू का शव बरामद किया गया। इसके बाद नहर का जलस्तर कम कराया गया, जिसके चलते बुधवार सुबह बोरगहन के पास नहर में 12 वर्षीय बेटी का शव भी बरामद कर लिया गया।

108 एम्बुलेंस सेवा में पदस्थ था मृतक

बताया जा रहा है कि टायमन साहू बालोद जिला अस्पताल की संजीवनी 108 एम्बुलेंस सेवा में ईएमटी के रूप में कार्यरत था। घटना से एक दिन पहले ही वह नाइट ड्यूटी कर घर लौटा था और फिर ससुराल गया था।

गांव में पसरा मातम

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार में पिता और बेटी की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहरों और जलाशयों में तेज बहाव के दौरान न उतरें और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

You cannot copy content of this page