बालोद। छत्तीसगढ़ विकलांग मंच, बालोद के लिए गर्व का क्षण तब आया जब प्रदेश के सक्रिय समाजसेवी एवं दिव्यांग अधिकारों के प्रखर समर्थक अरविंद शर्मा को राज्य सलाहकार बोर्ड (दिव्यांगजन) का सदस्य नियुक्त किया गया। उनकी यह नियुक्ति न केवल उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पित कार्यों का सम्मान है, बल्कि पूरे प्रदेश के दिव्यांग समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दिव्यांग अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत रहे

अरविंद शर्मा लंबे समय से दिव्यांगजनों के अधिकार, शिक्षा, रोजगार, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके प्रयासों से कई दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिला है और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई है।
राज्य स्तर पर मिलेगी नई दिशा और मजबूती
छत्तीसगढ़ विकलांग मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी नियुक्ति से अब दिव्यांगजनों की समस्याएं राज्य स्तर पर मजबूती से उठेंगी और उनके समाधान के लिए ठोस नीतिगत पहल संभव हो सकेगी। उनके अनुभव और नेतृत्व से दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
जिलेभर में खुशी, बधाइयों का तांता
इस अवसर पर मंच के जिला अध्यक्ष हरीराम कोर्राम, उपाध्यक्ष प्रेमलाल साहू, सचिव राकेश निर्मलकर, प्रदेश संयोजक शिवकुमार साहू, कोषाध्यक्ष बलराम सोनवानी सहित सदस्य गण श्रीमती राधा देशमुख, सुनीता ठाकुर, ममता ठाकुर, रूपेश सोनकर एवं मीडिया प्रभारी डिगंबर सोनबोईर समेत सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अरविंद शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
