बालोद। जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत में पैदल चलने को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जहां एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया गया। मामले में गुरूर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सिर्फ 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती रामबाई साहू (उम्र 62 वर्ष), निवासी बगदई थाना गुरूर ने 17 मार्च 2026 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसी दिन सुबह करीब 7 बजे वह अपने पति पुरुषोत्तम लाल साहू के साथ खेत से चना और सरसों की फसल लाने जा रही थीं। इसी दौरान गांव के पुलस्तनंदन साहू ने उनके खेत में चलने की बात को लेकर आपत्ति जताई और आक्रोश में आकर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे बेर की लकड़ी के खूंटे से पुरुषोत्तम साहू के सिर पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पुरुषोत्तम साहू बेहोश हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर लाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें धमतरी रेफर किया गया, जहां वर्तमान में क्रिश्चियन अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तिर्की के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी, सादी मिट्टी, खूनआलूदा ईयर बर्ड सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी पुलस्तनंदन साहू (उम्र 45 वर्ष), निवासी बगदई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना में प्रयुक्त लकड़ी के खूंटे को खेत में फेंकना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार हथियार भी बरामद कर लिया।
सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 17 मार्च 2026 की रात 10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
👉 इस कार्रवाई में थाना गुरूर पुलिस टीम के निरीक्षक सुनील कुमार तिर्की, उप निरीक्षक कुलेश्वर यादव, उप निरीक्षक हरखराम बघेल, प्रधान आरक्षक वेदराम कोर्राम, एवन साहू, आरक्षक कोमल साहू, विवेक सिन्हा, चन्द्रकांत यादव, दिनेश नेताम सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
👉 हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और पाएं ताजा खबरें सबसे पहले
(DAILY BALOD NEWS – DB DIGITAL MEDIA Official WhatsApp Channel)**
