DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में युवती की अधजली लाश मिलने से सनसनी: 1 अप्रैल को थी शादी, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

बालोद। जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चीचा में 22 वर्षीय युवती लीलेश्वरी उर्फ लिली साहू की अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है—क्या यह हत्या है या आत्महत्या? फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, लिली साहू बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच गांव से भिलई जाने वाले रास्ते में नाले के किनारे खेत में उसकी अधजली लाश मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि शव को पैरा (फसल अवशेष) से जलाने की कोशिश की गई थी। घटनास्थल से युवती का जला हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिससे मामले को और संदिग्ध बना दिया है। मोबाइल के जरिए अहम सुराग मिलने की संभावना को देखते हुए साइबर टीम भी जांच में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्रित किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।

परिवार के लिए यह घटना बेहद दुखद है, क्योंकि लिली साहू की 1 अप्रैल को शादी तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। वह अपने परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। उसके एक भाई और एक बहन की पहले ही शादी हो चुकी है। ऐसे में इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

👉 व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और पाएं ताजा खबरें सबसे पहले
(DAILY BALOD NEWS – DB DIGITAL MEDIA Official WhatsApp Channel)

You cannot copy content of this page