बालोद, 18 मार्च 2026। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने कोचेरा उपकेंद्र की क्षमता में वृद्धि कर दी है। खपरी वितरण केंद्र अंतर्गत 33/11 केवी कोचेरा उपकेंद्र में नया 05 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे 10 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है।
मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपकेंद्र में पहले से लगे 3.15 एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों में से एक को बदलकर यह नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस अपग्रेड के बाद अब उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर 8.15 एमवीए हो गई है। इस पूरे कार्य को लगभग 46.63 लाख रुपए की लागत से पूरा किया गया है।
इस क्षमता वृद्धि का सीधा लाभ खपरी वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रायपुरा, बिजोरा, नारगी, डारागांव, खरथुली, देवरी, पार्री, कोचेरा, सेमहरडीह, कोसमी और पारसाडीह के करीब 2325 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा। अब क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इस महत्वपूर्ण कार्य को समय पर पूर्ण करने के लिए मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता आर.के. मिश्रा, कार्यपालन अभियंता एस.के. राय, एस.के. बंड, सहायक अभियंता अजय विश्वकर्मा, एच.के. हिरवानी, डी.के. साहू एवं कनिष्ठ अभियंता श्रीमती नेहा साहू सहित पूरी तकनीकी टीम की सराहना की।
यह परियोजना न केवल बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि कृषि कार्यों और ग्रामीण जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाएगी।
