DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में भीषण आग: कोड़ेवा में तीन किसानों के पैरावट जलकर खाक, 2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

बालोद। जिले के ग्राम कोड़ेवा में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई, जहां तीन किसानों के पैरावट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 20 एकड़ धान का पैरावट जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।


तीनों खलिहानों में तेजी से फैली आग

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोड़ेवा के हरिराम साहू, कंवल सिन्हा और नेतराम ठाकुर के खलिहानों में पैरावट रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि सबसे पहले कंवल सिन्हा के खलिहान में आग लगी, जो देखते ही देखते अन्य दोनों किसानों के पैरावट तक फैल गई। उस समय तक ग्रामीण आग पर काबू पाने का प्रयास कर पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया।


फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे की मेहनत से पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अर्जुंदा थाना और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। बालोद से पहुंची दमकल टीम ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास फैलने से रोका। हालांकि आग पूरी तरह शांत नहीं हुई थी और पूरी रात पैरावट के अंदर धधकती रही।


बस्ती के पास थी आग, टला बड़ा हादसा

जिस स्थान पर आग लगी, वहां से कुछ ही दूरी पर बस्ती स्थित है। हरिराम साहू का घर तो खलिहान से बिल्कुल लगा हुआ है, ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझने के बाद भी अंदर ही अंदर जलती आग और तेज हवा के चलते ग्रामीण पूरी रात चिंतित रहे और सो नहीं सके।


मवेशियों के चारे की चिंता बढ़ी

पीड़ित किसानों हरिराम साहू और नेतराम ठाकुर ने बताया कि इस आगजनी में उनका पैरावट पूरी तरह जल गया है। अब मवेशियों के चारे की गंभीर समस्या सामने खड़ी हो गई है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।


👉 इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

You cannot copy content of this page