बालोद, 17 मार्च 2026। जिले में ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत के साथ तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग बालोद ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लू (हीट वेव) से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।
लू के प्रमुख लक्षण
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू लगने पर निम्न लक्षण दिखाई दे सकते हैं—
- सिर में भारीपन और तेज दर्द
- तेज बुखार के साथ मुंह सूखना
- चक्कर आना और उल्टी होना
- शरीर में कमजोरी व दर्द
- पसीना न आना जबकि शरीर गर्म होना
- अधिक प्यास लगना और पेशाब कम आना
- भूख न लगना व बेहोशी
लू लगने का कारण
तेज धूप और अत्यधिक गर्मी में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी और जरूरी खनिज (नमक) की कमी हो जाती है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
बचाव के उपाय (जरूर अपनाएं)
- बहुत जरूरी न हो तो दोपहर में घर से बाहर न निकलें
- धूप में निकलते समय सिर और कान को कपड़े से ढकें
- अधिक मात्रा में पानी पिएं
- लंबे समय तक धूप में रहने से बचें
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- ज्यादा पसीना आने पर ओआरएस घोल का सेवन करें
- चक्कर या मितली आने पर छायादार स्थान पर आराम करें
- ठंडे पेय, फल का रस, लस्सी, मठा आदि का सेवन करें
लू लगने पर तुरंत करें ये प्राथमिक उपचार
- पीड़ित के सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें
- अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ दें (जैसे आम का पना, जलजीरा)
- पंखे या ठंडी जगह पर लिटाएं
- शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करें
- जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल या डॉक्टर से इलाज कराएं
कहां करें संपर्क
- 104 आरोग्य सेवा केंद्र से निःशुल्क सलाह प्राप्त करें
- मितानिन या एएनएम से ओआरएस पैकेट प्राप्त करें
- जिला सर्वेलेंस इकाई (महामारी नियंत्रण कक्ष), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, बालोद से संपर्क करें
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें और लक्षण दिखने पर तुरंत उपचार लें, ताकि गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
