बालोद। ग्राम कसही में हुए चोरी के मामले का डौण्डीलोहारा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की वारदात को प्रार्थी के ही रिश्तेदारों ने अंजाम दिया था।
लाखों के जेवरात और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का लॉकेट, 2 जोड़ी सोने का झुमका, 1 मंगलसूत्र, 1 छोटा हार, 5 जोड़ी चांदी की पायल, 5 चांदी के सिक्के, मोबाइल फोन और 28,500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2,21,000 रुपये आंकी गई है।
रिश्तेदारों ने रची थी साजिश
मामले में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी खिलेन्द्र कुमार साहू उर्फ बंटी और महेश साहू उर्फ महेशू, जो प्रार्थी के रिश्तेदार हैं, घर की पूरी जानकारी होने के कारण सुनियोजित तरीके से चोरी की योजना बनाई।
20-21 जून 2025 की रात पीछे के रास्ते घर में घुसकर दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी पार कर दी।
तिलईरवार में छिपाया गया था चोरी का सामान
चोरी के बाद आरोपियों ने जेवरात और नगदी को ग्राम तिलईरवार स्थित घर में छिपाकर रखा था। वहीं कुछ सामान को टप्पा क्षेत्र के आरोपियों के माध्यम से बेचने की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस ने मुखबिर सूचना और सायबर सेल की मदद से आरोपियों को पकड़कर पूरा माल बरामद कर लिया।
पहले भी जेल जा चुके हैं मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि खिलेन्द्र साहू और महेश साहू पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं, जिससे उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि उजागर हुई है।
गिरफ्तार आरोपी
- खिलेन्द्र कुमार साहू उर्फ बंटी, पिता गोपाल साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव
- श्रीमती पद्मा साहू, पति लोकनाथ साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव
- नितिन कुमार झाड़े, पिता अरुण कुमार झाड़े, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम टप्पा, थाना चिचोला, जिला राजनांदगांव
- महेश साहू उर्फ महेशू, पिता लोकनाथ साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव
- भूपेंद्र कुमार साहू, पिता रेखचंद साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम टप्पा, थाना तुमड़ीबोड़, जिला राजनांदगांव
- नुतेश कुमार साहू, पिता गोपाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनी फॉस एक्का के निर्देशन में की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनित राम यादव, प्रधान आरक्षक दिगम्बर वर्मा, अरविंद यादव, महिला प्रधान आरक्षक लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक विनोद कुमार, पूनम खरे, धर्मेंद्र सेन तथा सायबर सेल बालोद के आरक्षक संदीप यादव सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं रिश्तेदारों द्वारा ही चोरी की वारदात को अंजाम देने से लोग हैरान हैं।
