DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अष्टलक्ष्मी दर्शन कार्यक्रम के लिए अर्जुन्दा के छात्र राकेश कुमार का चयन

अर्जुन्दा। शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुन्दा के छात्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के वरिष्ठ स्वयंसेवक राकेश कुमार का चयन प्रतिष्ठित “अष्टलक्ष्मी दर्शन” युवा विनिमय कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम 15 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित युवा प्रतिभागी शामिल होंगे।

यह 14 दिवसीय राष्ट्रीय शिविर नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल, शिलॉन्ग तथा मिनिस्ट्री ऑफ डेवलपमेंट ऑफ नॉर्थ ईस्टर्न रीजन (DoNER) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास से परिचित कराना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को गुवाहाटी (असम) सहित पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां वे स्थानीय संस्कृति, जीवनशैली और विकास कार्यों को करीब से जान सकेंगे।

इस युवा विनिमय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 20 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है, जिनमें अर्जुन्दा महाविद्यालय के छात्र राकेश कुमार भी शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम के लिए चयनित प्रतिभागियों की यात्रा हवाई मार्ग से कराई जाएगी, जिससे युवाओं को नई जगहों के अनुभव के साथ-साथ आधुनिक यात्रा का अवसर भी प्राप्त होगा।

राकेश कुमार के चयन से शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुन्दा में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय की प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी तथा समस्त महाविद्यालय परिवार ने राकेश कुमार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

गौरतलब है कि “अष्टलक्ष्मी दर्शन” कार्यक्रम युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व क्षमता के विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के युवा एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर प्राप्त करते हैं।

You cannot copy content of this page