DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल: माता-पिता की स्मृति में समाजसेवी बेनूराम साहू ने लगाया निःशुल्क ‘कर्मा प्याऊ’, राहगीरों को पिला रहे ठंडा पानी

भिलाई/बालोद। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए समाजसेवी एवं रेलवे कर्मचारी बेनूराम साहू ने अपने स्वर्गीय माता-पिता की पुण्य स्मृति में एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क ‘कर्मा प्याऊ’ की शुरुआत की है। यह सेवा कार्य भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक में संचालित किया जा रहा है, जहां राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को मीठा व ठंडा पानी निःशुल्क पिलाया जा रहा है। यह सेवा कार्य पूरे गर्मी के मौसम से लेकर मानसून तक जारी रहेगा।

भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए राहत का केंद्र

गर्मी के इस मौसम में यह प्याऊ राह चलते लोगों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और बस यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। यहां से गुजरने वाले लोग रुककर पानी पीते हैं और इस सेवा कार्य की सराहना भी कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से समाज में “मानव सेवा ही माधव सेवा है” और “जल ही जीवन है” का संदेश दिया जा रहा है।

संत माता कर्मा जयंती पर शरबत वितरण

साहू समाज की आराध्य देवी संत माता कर्मा की जयंती के पावन अवसर पर साहू परिवार की ओर से शरबत वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को शरबत पिलाकर सेवा भावना का परिचय दिया गया।

पत्नी के साथ स्वयं कर रहे सेवा

इस सेवा कार्य की खास बात यह है कि बेनूराम साहू अपनी पत्नी भारती देवी साहू के साथ स्वयं खड़े होकर लोगों को मीठा एवं ठंडा पानी पिला रहे हैं। वे आने-जाने वाले हर व्यक्ति को प्रेमपूर्वक पानी पिलाते हुए समाज सेवा का संदेश दे रहे हैं। दंपति का कहना है कि माता-पिता की स्मृति को जीवित रखने का सबसे अच्छा तरीका समाज के लिए कुछ अच्छा करना है।

गरीबी और संघर्ष से जुड़ी प्रेरक कहानी

ज्ञातव्य हो कि बेनूराम साहू बालोद जिले के ग्राम नर्रा के एक अत्यंत गरीब परिवार में पले-बढ़े हैं। ग्रामीणों के अनुसार उनके पिता मंगतू राम साहू को परिवार के जीवन यापन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था। दो महीने पहले ही उनकी माता सुरुज बाई साहू का आकस्मिक निधन हो गया था। माता-पिता के संघर्षों को याद करते हुए लोगों की सेवा करना ही वे उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि मानते हैं।

समाज सेवा के कई कार्यों में सक्रिय

स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां लोग अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं, वहीं बेनूराम साहू का यह सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस पहल से अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा मिल रही है। कहा जाता है कि अच्छे या बुरे कर्म का फल व्यक्ति को या उसकी आने वाली सात पीढ़ियों को अवश्य मिलता है।

हर साल करते हैं सेवा की पहल

गर्मी के दिनों में यह निःशुल्क कर्मा प्याऊ लोगों के लिए राहत और सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है। बेनूराम साहू हर साल इस तरह की पहल करते हैं। दुर्ग-भिलाई के साथ बालोद जिले में भी उनके द्वारा कई स्थानों पर वाटर कूलर संचालित किए जाते हैं।

एम्स में भोजन सेवा और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था

इसके अलावा वे रायपुर के एम्स अस्पताल में “ए मां भोजन सेवा समिति” के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क भोजन सेवा में भी सक्रिय दानदाता हैं। साथ ही उन्होंने गौमाता और अन्य बेजुबान जानवरों के लिए भी कई स्थानों पर पानी की व्यवस्था कराई है।

बेनूराम साहू का कहना है कि अच्छे कर्म करने के लिए हृदय में सेवा भाव होना जरूरी है और इसके लिए ईश्वर उसी व्यक्ति को चुनता है जो इसके योग्य होता है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य बताया है।

You cannot copy content of this page