📍 बालोद, 16 मार्च 2026। राज्य शासन द्वारा भौतिक चालानों की व्यवस्था समाप्त कर ऑनलाइन प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-चालान पोर्टल के माध्यम से ओवर द काउंटर (ओटीसी) सुविधा लागू की गई है, जिससे अब चालान जमा करने की प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है।
ऑनलाइन माध्यम से सीधे बैंक को जाता है डेटा
नई व्यवस्था के तहत ई-चालान पोर्टल पर चालान जमा करते समय उसका पूरा डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाता है। इससे बैंक स्तर पर दोबारा चालान की प्रविष्टि करने की आवश्यकता नहीं पड़ती और समय की भी बचत होती है।
टीआरएन नंबर के जरिए जमा होगी राशि
इस प्रणाली में ऑनलाइन जनरेट किए गए चालान में ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (TRN) दर्ज होता है। बैंक काउंटर पर इसी टीआरएन नंबर के आधार पर राशि जमा की जाती है, जिसके बाद बैंक द्वारा एमआईएस के माध्यम से जानकारी कोषालय में ऑनलाइन प्रस्तुत कर दी जाती है।
डेटा त्रुटियों में आएगी कमी
अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था को लागू करने से डेटा प्रविष्टि में होने वाली त्रुटियों में कमी आएगी और लेखांकन अधिक सटीक व व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। इससे शासन के राजस्व प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी।
ऑनलाइन प्रिंट की भी सुविधा
ई-चालान पोर्टल https://echallan.cg.gov.in/ में उपलब्ध सर्च चालान विकल्प के माध्यम से जमाकर्ता अपने चालान का प्रिंट भी निकाल सकता है, जो पहले भौतिक चालान व्यवस्था में संभव नहीं था।
इस नई प्रणाली के लागू होने से चालान जमा करने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बन गई है, जिससे आम नागरिकों और विभागों दोनों को लाभ मिलेगा।
