DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बोडरा चंडी मंदिर के पास अवैध शराब के साथ महिला गिरफ्तार, कुरूद पुलिस ने 53 पौवा शराब व नगदी की जब्त

धमतरी, 16 मार्च 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम बोडरा चंडी मंदिर के पास एक महिला को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 53 पौवा देशी शराब और नगदी सहित कुल लगभग 7 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिजनापुरी निवासी एक महिला ग्राम बोडरा स्थित चंडी मंदिर के पास दो थैलों में अवैध शराब लेकर डाही जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम चंद्रिका बाई मरकाम उर्फ जंगलहीन (52 वर्ष) निवासी डाही बाजार चौक के पास, थाना कुरूद, जिला धमतरी बताया। गवाहों के सामने तलाशी लेने पर महिला के पास रखे दो थैलों से अवैध देशी शराब बरामद हुई।

पुलिस को एक सफेद प्लास्टिक थैले से 25 पौवा देशी प्लेन शराब (4.500 लीटर) तथा दूसरे हरे-पीले थैले से 28 पौवा देशी मसाला शराब (5.040 लीटर) बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपी महिला के पास से 2200 रुपये नगद भी मिले। जब्त शराब की कुल मात्रा 9.540 लीटर और कीमत लगभग 4800 रुपये आंकी गई है। नगदी सहित कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 7000 रुपये बताई गई है।

अवैध शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 73/26 दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page