DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर कलेक्टर सख्त, गोदामों की जांच के निर्देश; पेयजल व्यवस्था और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा

बालोद, 16 मार्च 2026। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीम गठित कर गैस गोदामों का नियमित निरीक्षण किया जाए और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।

संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों से घरेलू गैस की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गैस कनेक्शन की सुरक्षा जांच भी समय-समय पर की जाए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से यह भी निर्देश दिया कि कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में किए जाने की शिकायतें मिलती हैं। ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

बैठक में कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। अधिक प्रभावित गांवों की सूची तैयार कर आवश्यकतानुसार बोर खनन कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि गर्मी के दिनों में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा कलेक्टर ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के जिले में प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं के प्रस्ताव जल्द तैयार कर शासन को भेजने के लिए भी कहा।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ई-ऑफिस प्रणाली और आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा करते हुए सभी विभागों को शासन की व्यवस्था के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंडों में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page