DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद घड़ी चौक में नल कनेक्शन विवाद ने लिया उग्र रूप

होटल संचालक से दो बार मारपीट, 6 से अधिक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बालोद। शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र घड़ी चौक में नल कनेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। इस मामले में एक होटल संचालक के साथ दो अलग-अलग समय पर मारपीट की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस ने 6 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

जानकारी के अनुसार घड़ी चौक स्थित छत्तीसगढ़ साहू जलेबी एवं समोसा भंडार के संचालक सुनील साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके होटल के पास लगे नल कनेक्शन को लेकर पड़ोसी दुकान संचालक से विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

दिन में हुआ विवाद, रात में फिर पहुंचा समूह

प्रार्थी सुनील साहू के अनुसार उनके होटल के बगल में नमो टी स्टॉल नाम से दुकान संचालित करने वाले मुंशीर खान ने नल कनेक्शन को अपना बताते हुए 13 मार्च को उनसे और उनके पिता हेमंत साहू से गाली-गलौज और मारपीट की।

इस घटना के बाद उन्होंने बालोद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।

पीड़ित के अनुसार रात करीब 8:15 बजे मुंशीर खान सहित अन्य लोग फिर से उनके होटल के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके और उनके पिता के साथ मारपीट की। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आसपास के लोगों ने किया बीच-बचाव

घटना के दौरान अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से घड़ी चौक क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

प्रार्थी सुनील साहू की शिकायत पर बालोद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 351(3), 115(2) और 191(2) के तहत 6 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आरोपियों में मुंशीर खान निवासी जवाहर पारा बालोद सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

You cannot copy content of this page