DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मरदेल स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्रों का विदाई समारोह, शाला परिवार ने कराया न्योता भोज

बालोद। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मरदेल में मंगलवार को कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शाला परिवार की ओर से बच्चों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिससे विद्यालय का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की पूजा-अर्चना के साथ की गई। समारोह में ग्राम पटेल ज्ञान सिंह कोरेटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शाला समिति के सदस्य राम सिंह गोटा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि ज्ञान सिंह कोरेटी ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन, मेहनत और शिक्षा का विशेष महत्व होता है, इसलिए सभी बच्चों को आगे भी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखनी चाहिए।

संस्था प्रमुख के. के. सोनवानी ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमेशा अपने बड़ों का आदर करें, उनकी बात मानें और जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत करें, ताकि माता-पिता और समाज को आप पर गर्व हो सके।

इस अवसर पर शिक्षिका मोना रावत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—
“काम ऐसा करो कि पहचान बन जाए,
हर कदम ऐसा चलो कि निशान बन जाए।
यहां तो जिंदगी सभी काट लेते हैं,
जिंदगी ऐसे जियो कि मिसाल बन जाए।”

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक हरिशंकर नरेटी ने किया। अंत में संस्था प्रमुख के. के. सोनवानी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

विदाई समारोह के साथ आयोजित न्योता भोज में विद्यार्थियों और शाला परिवार ने मिलकर इस यादगार पल को साझा किया।

You cannot copy content of this page