DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ग्राम भंडेरा में पहली बार हुआ फाग सम्मेलन, आठ मंडलियों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

बालोद। ग्राम भंडेरा में नव युवक समिति के तत्वावधान में पहली बार फाग सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न फाग मंडलियों ने पारंपरिक गीत, नृत्य और झांकियों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बी.एल. साहसी (व्याख्याता) रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र ढाले (समिति प्रबंधक, अछोली) ने की। विशेष अतिथि के रूप में दुलारी बाई देवांगन (जनपद सदस्य), पोषण देवांगन (सेवानिवृत्त बीएसपी), सोहन साहसी, शेखर साहसी, लीवन साहसी, लोकेश साहसी, सावंत राम राणा, रामकुमार, डहरिया जी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

फाग सम्मेलन में कुल 8 मंडलियों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से जय मां सरस्वती गेड़ी नृत्य रामधुनी एवं फाग झांकी परिवार माटरा खुज्जी (राजनांदगांव), जय मां शारदा जस एवं फाग परिवार मुजगहन, छत्तीसगढ़ी लोककला मतौना डांस एवं फाग परिवार किल्लेकोडा, मया के सुरता फाग परिवार सिंगारपुर, श्री कृष्णा शखा फाग एवं जस परिवार फरदफोड तथा जय परमानंद महिला फाग एवं जस परिवार कापसी शामिल थे। सभी मंडलियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि दुलारी बाई देवांगन ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है और इस अवसर पर ग्राम भंडेरा में पहली बार फाग सम्मेलन का आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह आयोजन आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

मुख्य अतिथि डॉ. बी.एल. साहसी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि हमेशा सत्य की ही विजय होती है। इसी संदेश को जीवंत रखने के लिए ग्राम भंडेरा की पावन धरती पर नवयुवकों द्वारा फाग सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने आयोजन के लिए समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन एन. ढाले ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोशन राणा, केवल राणा, योगेश साहसी, उकेश राणा, नरोत्तम राणा, पंकज देवांगन, गिरधारी सिन्हा, आशु निषाद, लेखराम साहू, कमलेश सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

You cannot copy content of this page