DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गैस सिलेंडर कीमत वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने राजीव भवन बालोद में आयोजित पत्रकार वार्ता में दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा लगभग 9.50 एकड़ में अफीम की खेती किए जाने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को भाजपा सरकार का संरक्षण मिल रहा है। नशीली दवाएं, प्रतिबंधित गोलियां और अवैध सूखा नशा गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक रहा है और नाबालिग बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स के 2599 प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें से अधिकांश मामले सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर हुए हैं। इसके बावजूद सरकार का इंटेलिजेंस और प्रशासन मौन है और कार्रवाई के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 से 17 वर्ष के लाखों नाबालिग बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं और सैकड़ों मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं है।

इस दौरान बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रसोई गैस आमजनता और गृहिणियों की दैनिक आवश्यकता है, लेकिन केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि बालोद में जो गैस सिलेंडर पहले 945 रुपये में मिलता था, अब वह 1005 रुपये में मिलेगा।

कीमत वृद्धि के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला दहन

बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता की कमर टूट रही है और सरकार को जल्द से जल्द राहत देने के कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, बालोद शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, महामंत्री मेघनाथ साहू, विनोद टावरी, पार्षद कासिमुद्दीन कुरैशी, विनोद बंटी शर्मा, निर्देश पटेल, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू, कमलेश श्रीवास्तव, वैभव साहू, साजन पटेल, नरेंद्र देशलहरा, रोहित सागर, विमलेश साहू, मनोज ठाकुर, सत्यम टाटिया, श्रीमती चमेली साहू, रश्मि दुबे, रोशन सोनवानी, कृष्णा साहू, चंद्रहास साहू, लोकनाथ निषाद, आनंद राजपूत, रीता सोनी, किरण साहू, रूपेश यादव, दानेश्वर साहू, फैज अली, भीखम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page