“2047 के सपने, आज की सच्चाई से दूरी” — बजट पर युथ कांग्रेस का हमला, डोमेन्द्र साहसी बोले- युवाओं और किसानों के मुद्दों पर सरकार मौन



बालोद/डौंडीलोहारा। राज्य बजट को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। युथ कांग्रेस सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक डोमेन्द्र साहसी ने प्रस्तुत बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट ज़मीनी सच्चाइयों से कटा हुआ नजर आता है। सरकार 2047 तक के विकसित भारत के सपनों की बात तो कर रही है, लेकिन आज की महंगाई, बेरोज़गारी और शिक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कोई ठोस जवाब नहीं दे रही।

डोमेन्द्र साहसी ने कहा कि प्रदेश का युवा आज रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और सीमित अवसरों के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है, लेकिन बजट में रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप दिखाई नहीं देता।

उन्होंने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि लागत बढ़ने और उपज का उचित दाम न मिलने से किसान परेशान हैं। कृषि क्षेत्र को राहत देने और स्थायी समाधान प्रस्तुत करने के बजाय सरकार केवल घोषणाओं और आंकड़ों के माध्यम से विकास का दावा कर रही है।

साहसी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों को मजबूत किए बिना केवल दीर्घकालीन लक्ष्य गिनाना जनता के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फोटो और प्रचार के माध्यम से उपलब्धियां दिखाने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।

युथ कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार भविष्य के विज़न के साथ-साथ वर्तमान संकटों पर भी स्पष्ट नीति और पर्याप्त बजटीय प्रावधान सुनिश्चित करे, ताकि युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और आम जनता को तत्काल राहत मिल सके।

👉 हमारे आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल Daily Balod News से जुड़ें और ताजा अपडेट पाएं।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page