DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“नकल पर जीरो टॉलरेंस: डौंडीलोहारा में बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ताबड़तोड़ औचक जांच”

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल मुख्य परीक्षा 2026 (कक्षा 10वीं) के दूसरे दिन जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने डौंडीलोहारा विकासखंड के परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखते हुए औचक निरीक्षण किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उड़नदस्ता दल ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दुधली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौंडीलोहारा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमकापार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला शिक्षा अधिकारी बालोद मधुलिका तिवारी ने केंद्रों में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ परीक्षा देने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है।

निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र में नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया। सभी परीक्षा केंद्र शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और अनुशासित वातावरण में संचालित होते पाए गए, जिससे प्रशासनिक सतर्कता की प्रभावशीलता साबित हुई।

साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण कर प्राचार्यों को आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए।

जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल में सहायक परियोजना समन्वयक श्री लेख राम साहू, जिला खेल समन्वयक श्री सपन जेना, व्यायाम शिक्षक श्री सुरेश शांडिल्य एवं व्यायाम शिक्षिका सुश्री आदिला खान भी शामिल रहे।

You cannot copy content of this page