DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“खनिज माफिया पर प्रशासन का शिकंजा: अवैध रेत-मिट्टी परिवहन में 6 वाहन जब्त, सख्त वैधानिक कार्रवाई शुरू”

बालोद। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी और औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज गुरूर एवं बालोद विकासखंड में संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

निरीक्षण के दौरान खनिजों का अवैध परिवहन करते हुए कुल 06 वाहन पकड़े गए। जिला खनि अधिकारी ने बताया कि इनमें 05 वाहन रेत और 01 वाहन मिट्टी (ईंट निर्माण हेतु) के अवैध परिवहन में संलग्न पाए गए। प्रारंभिक जांच में आवश्यक दस्तावेज एवं परिवहन अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।

जब्त किए गए वाहनों में से 02 को थाना/आरक्षी केंद्र मरकाटोला कैम्प, 01 ट्रेलर और 01 ट्रैक्टर को थाना बालोद तथा 01 माजदा और 01 ट्रैक्टर को थाना गुरूर की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोषी पाए जाने पर जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा की अवैध निकासी से न केवल शासन को राजस्व हानि होती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सतत और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page