बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव में 38 वर्षीया महिला सावित्रीबाई निषाद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना तांदुला नदी ओवर ब्रिज के पास जामबाड़ी किनारे में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना की जानकारी ग्रामीणों को सोमवार शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच की मिली। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। रात में शव को निगरानी में रखा गया तथा मंगलवार सुबह से फॉरेंसिक टीम एवं अन्य विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का या कोई हादसा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मुआयना के दौरान महिला के गले के पास निशान पाए गए हैं तथा गले में दुपट्टा नुमा कपड़ा लिपटा मिला है। बताया जा रहा है कि गले में पाए गए दुपट्टों में से एक महिला का नहीं है, जिससे संदेह और गहरा गया है। इसी कारण हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 11 से 12 बजे के बीच महिला को नदी पुल के पास देखा गया था, इसके बाद शाम को उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं तथा देर शाम स्वयं लौट आती थीं। कई बार वह अपने मायके पुलगांव भी चली जाती थीं।
महिला के पति धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि जब सोमवार शाम तक वह घर नहीं लौटीं तो उन्होंने उनके मायके में फोन कर जानकारी ली, जहां से पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची थीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी अक्सर काम करते-करते बातें भूल जाती थीं। गले में मिले दुपट्टे को लेकर उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही संभव होगा।
