बालोद। शासकीय बुनियादी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाररास (बालोद) में 14 फरवरी 2026 को मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन भावनात्मक वातावरण में किया गया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने 12वीं के छात्र-छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई दी। 11वीं के छात्रों ने स्वयं ग्रीटिंग कार्ड बनाकर 12वीं के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जब 12वीं के छात्र विद्यालय परिसर में पहुंचे, तब 9वीं और 11वीं की छात्राओं ने फूलों से उनका स्वागत किया। मंच संचालन 11वीं की छात्राओं भूमिका एवं डिलेश्वरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री एन.के. यादव ने की तथा सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 11वीं के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ममता देवदास (कक्षा 11वीं), तृप्ति साहू (कक्षा 9वीं) एवं वंदना साहू (कक्षा 9वीं) ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। 12वीं के छात्र-छात्राओं ने मंच के माध्यम से विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
संस्था के प्राचार्य एवं शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद श्रीमती पुष्पा साहू एवं गांव के सम्मानित नागरिक मदनलाल साहू ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में 11वीं के विद्यार्थियों ने 12वीं के छात्रों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर समारोह को सफल बनाया।
इसी अवसर पर विद्यालय परिवार के कर्मचारी रूपेश कुमार सोनकर को खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोनकर समाज नवापारा राजिम द्वारा रजत पदक अवार्ड प्राप्त होने पर संस्था के प्राचार्य श्री एन.के. यादव एवं व्याख्याता श्री आर.के. कटेंद्र द्वारा सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर देखी गई तथा सभी शिक्षकगणों ने उन्हें बधाई देते हुए निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्री एन.के. यादव, शिक्षकगण श्री आर.के. कटेंद्र, रूपे कश्यप, चिमनलाल साहू, एस.के. रात्रे, के.एस. ध्रुवे, गरिमा पटेल, मालती सिन्हा, आर. तिवारी, शारदा गेंड्रे, आर. महिलांग, मिताली पटेल तथा विद्यालय कर्मचारी हीरा ठाकुर और रूपेश कुमार सोनकर सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। समारोह में भावनात्मक माहौल, सम्मान और संस्कार की सुंदर झलक देखने को मिली।
