DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद ब्लॉक सेन समाज महिला सम्मेलन एवं वार्षिक अधिवेशन संपन्न, बंजारी धाम में माहुल (सिहरी) के पत्तों में भोजन के साथ परंपरा का निर्वाह, महिला इकाई का गठन

बालोद। बालोद जिला सेन समाज के निर्देशानुसार जुगेरा स्थित पवित्र बंजारी धाम परिसर में बालोद ब्लॉक सेन समाज महिला सम्मेलन एवं वार्षिक अधिवेशन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से आई मातृशक्ति एवं समाज के वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में समाज की एकता, संगठन विस्तार, अनुशासन तथा परंपराओं की रक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

सम्मेलन के दौरान बालोद ब्लॉक महिला सेन समाज इकाई का सर्वसम्मति से गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में सुष्मिता कौशिक को ब्लॉक अध्यक्ष, गोदावरी कौशिक एवं पूर्णिमा भारद्वाज को उपाध्यक्ष तथा रेखा शांडिल्य को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया। जिला इकाई ने जानकारी दी कि इसी प्रकार बालोद जिले के सभी 8 ब्लॉकों में सम्मेलन आयोजित कर महिला पदाधिकारियों एवं ब्लॉक सेन समाज इकाइयों का गठन किया जाएगा।

सम्मेलन में समाज की नियमावली, परंपराओं के संरक्षण एवं नैतिक मर्यादाओं के पालन पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित महिलाओं ने समाज के सभी निर्णयों का समर्थन करते हुए कहा कि ये नियम समाज की गरिमा, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। सगाई के पश्चात विवाह संपन्न होने तक वर-वधू के बीच मोबाइल फोन पर अनावश्यक बातचीत पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय लिया गया, जिसे सामाजिक मर्यादा एवं पारिवारिक संस्कारों की दृष्टि से सराहनीय बताया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि समाज का कोई सदस्य धर्मांतरण या उसके प्रयास में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध समाज स्तर पर कठोर कार्यवाही की जाएगी, ताकि समाज की एकता और आस्था अक्षुण्ण बनी रहे।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण सेन समाज की जीवंत परंपरा के अनुरूप माहुल (सिहरी) के पत्तों से बनी थालियों में भोजन व्यवस्था रही। समाज ने इसे अपनी स्वदेशी जीवनशैली, सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश बताया। वक्ताओं ने कहा कि माहुल पत्तों में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो भोजन को सुरक्षित रखने में सहायक होते हैं। इसके जैविक तत्व भोजन को सुपाच्य बनाते हैं तथा यह पूर्णतः जैव-अवघटनीय होने के कारण पर्यावरण के लिए भी हितकारी है। रसायन और प्लास्टिक मुक्त होने से भोजन शुद्ध एवं सात्विक रहता है तथा प्राकृतिक शीतलता का अनुभव कराता है।

कार्यक्रम में समाज के विकास कार्यों में सक्रिय महिलाओं को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएँ समाज की धुरी हैं और उनके सहयोग एवं नेतृत्व से ही समाज संगठित और सशक्त बनता है। सम्मेलन में शिक्षा, नशामुक्ति, युवाओं के मार्गदर्शन, पारिवारिक संस्कार एवं सामाजिक एकता जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ तथा अनुशासन और परंपरा के पालन को समाज की प्रगति का मूल मंत्र बताया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संतोष कौशिक (जिला अध्यक्ष, सेन समाज बालोद), सेतुराम शांडिल्य (ब्लॉक अध्यक्ष), निशा श्रीवास (जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ राजनांदगांव), ममता सेन (जनपद सदस्य, गुंडरदेही), संतोषी श्रीवास (पूर्व जनपद सदस्य, बालोद), लोकेश कौशिक (उपाध्यक्ष), जगन कौशिक (संरक्षक), उमेश कुमार सेन (जिला मीडिया प्रभारी), बालेश्वर भारद्वाज (ब्लॉक उपाध्यक्ष), जनक कौशिक (सचिव), दिलीप कौशिक (कोषाध्यक्ष), मुकेश कौशिक (संगठन मंत्री) सहित सभी बालोद इकाई अध्यक्ष—मस्तराम शांडिल्य, उत्तम सेन, प्रकाश सेन, भुवन सेन, तामेश्वर भारद्वाज, मुकेश भारद्वाज—उपस्थित रहे। मंच संचालन नारद सेन द्वारा किया गया।

इसके अतिरिक्त जिला अध्यक्ष उमेंद्र कौशिक, महिला प्रकोष्ठ की पूर्व जिला अध्यक्ष भीमेश्वरी शांडिल्य तथा वरिष्ठ सदस्य रामकृष्ण भारद्वाज, शिवा भारद्वाज, तीजू राम कौशिक, कमल नारायण कौशिक, पूर्व मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास, मोहन कौशिक, विक्की भारद्वाज, टुमन सेन, चंद्रशेखर भारद्वाज, संतोष श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, अनुशासन एवं उन्नति के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। बंजारी धाम का वातावरण पूरे दिन भक्ति, भाईचारे और भारतीय संस्कृति की सुगंध से सराबोर रहा।

📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page