शाम के अभियान में बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 शराबी चालकों पर 80 हजार का जुर्माना, 96 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई



बालोद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 फरवरी 2026 को यातायात कार्यालय बालोद द्वारा विशेष अभियान चलाकर शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद श्री बोनीफॅास एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात बालोद एवं जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारीयों द्वारा संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के तहत विशेष रूप से शाम के समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 7 चालकों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सख्ती दिखाते हुए इन सभी आरोपियों पर कुल 80,000 रुपये का अर्थदंड लगाया।

इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को 6 माह के लिए निलंबित किए जाने हेतु परिवहन विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है। साथ ही एक वाहन चालक और वाहन मालिक पर बिना लाइसेंस वाहन चलाने और चलाने देने के मामले में 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई जारी रही। अभियान के दौरान कुल 96 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना और अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस बालोद द्वारा लगातार वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वे शराब सेवन कर वाहन न चलाएं और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन का संचालन न करें। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान को भी जोखिम में डालता है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में सवारी भरकर परिवहन न करें, रात के समय वाहन चलाते समय अपर-डिपर का सही उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। साथ ही संयमित गति से वाहन चलाएं, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आमजन की सुरक्षा के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page