बेटी की शादी हेतु समाजसेवी संस्थाओं का सराहनीय सहयोग, निर्धन परिवार को मिली राहत



धमतरी। ग्राम बगदेही, पोस्ट डाही, तहसील कुरुद (जिला धमतरी) निवासी दुर्गा विश्वकर्मा की बेटी के विवाह में समाजसेवी संस्थाओं द्वारा सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया। आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवार की मदद के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान के सदस्यों ने आगे बढ़कर मानवीय पहल की।

दुर्गा विश्वकर्मा, जिनके पिता स्वर्गीय सेवक विश्वकर्मा का निधन हो चुका है, का परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहा है। पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी माता पर आ गई है, जो मजदूरी कर अपने छह बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं। ऐसे में बेटी का विवाह संपन्न कराना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

परिवार की स्थिति को देखते हुए समाजसेवी संस्थाओं ने सहयोग का हाथ बढ़ाया और विवाह हेतु आवश्यक राशन सामग्री प्रदान की। इस सहयोग से परिवार को बड़ी राहत मिली और बेटी के विवाह की तैयारी में मदद मिली। सामाजिक संगठनों की इस पहल ने मानवता और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम में सहयोग करने वालों में विशेष रूप से शिवा प्रधान, डॉ. पोषण सिन्हा, मोहनी साहू, सीमा यदु, खिलेश्वर साहू, रितु प्रधान, शमीना अंजुम, भारती साहू, भारती सोनी, मंजू टेमरे सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर अमृत विश्वकर्मा, कामदेव साहू, शंकर साहू, दीपक यादव, त्रिलोक साहू, बीरेंद्र साहू, द्रोण साहू, सरस्वती विश्वकर्मा एवं उषा विश्वकर्मा सहित परिवारजन भी मौजूद थे।

समाजसेवी संस्थाओं द्वारा किया गया यह सहयोग न केवल एक निर्धन परिवार के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

You cannot copy content of this page