राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स में देवराम पटेल प्रथम, कलेक्टर ने किया सम्मानित



बालोद। जिले के ग्राम पेरपार के दिव्यांग खिलाड़ी श्री देवराम पटेल ने राज्य स्तरीय पैरा ओलंपिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर बालोद जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने उन्हें सम्मानित कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने देवराम पटेल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा ओलंपिक एथलेटिक चैंपियनशिप 2025-26 में देवराम पटेल ने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने जैवलिन थ्रो (भाला फेंक), डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) एवं शॉट पुट (गोला फेंक) में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।

शारीरिक बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए देवराम पटेल ने अपने असाधारण कौशल और मेहनत से यह सफलता अर्जित की है, जो जिले के युवाओं और विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

You cannot copy content of this page