बालोद। पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का भव्य एवं गरिमामयी समापन समारोह यातायात कार्यालय बालोद के समक्ष आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के आयोजन का मुख्य उद्देश्य “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के संदेश को आम जनों तक पहुंचाना तथा नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। माह भर चले इस अभियान के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु जागरूकता, प्रशिक्षण एवं सम्मान से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन समारोह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले 40 नेक व्यक्तियों एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 50 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट, फर्स्ट एड किट एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निबंध, स्लोगन, चित्रकला, रंगोली एवं मॉडल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 स्कूली छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र, डायरी, सड़क सुरक्षा कैलेंडर 2026 एवं अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान बालोद एवं दल्लीराजहरा में लर्निंग लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 447 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए। अतिथियों द्वारा इस पहल की सराहना करते हुए इसे आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।
माह के दौरान 147 वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, वहीं परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से 24 स्कूली बसों की जांच कर सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। सड़क सुरक्षा मितानों एवं नेक व्यक्तियों को जागरूकता के उद्देश्य से निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।
जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए हेलमेट पहनकर बाइक रैली, हाट-बाजारों एवं मेला-मंडाई में यातायात जागरूकता रथ, सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नियमों के पालन की अपील तथा पाम्पलेट वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त जुम्बा कार्यक्रम, रक्तदान शिविर एवं प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंज जंबुरी में स्टॉल लगाकर भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
बालोद के रंग कला जत्था के कलाकारों द्वारा माह भर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन न चलाने, तीन सवारी वाहन न चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने जैसे संदेश प्रभावी ढंग से जनमानस तक पहुंचाए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने अपने संबोधन में वाहन चालकों से संयमित गति से वाहन चलाने, हेलमेट एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर युवाओं को बिना लाइसेंस एवं शराब सेवन कर वाहन न चलाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में श्रीमती माया शर्मा, श्री बोनीफॉस एक्का (उप पुलिस अधीक्षक), श्री आशुतोष शर्मा (तहसीलदार बालोद), डॉ. श्रीमाली (सिविल सर्जन), डॉ. मूर्ति, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक श्री शिशुपाल सिन्हा, श्रीमती गायत्री शर्मा (थाना प्रभारी अजाक महिला सेल), साइबर प्रभारी सउनि घरम भुजार्य, सउनि सीता गोस्वामी, जिला पुलिस, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ समापन : 40 नेक व्यक्तियों व 50 सड़क सुरक्षा मितानों का सम्मान, 447 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस
