DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

माटरी का मुद्दा: शिक्षिका को हटाने की मांग पर भड़के ग्रामीण, स्कूल में तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन

रिपोर्टर: नेमन साहू, डौण्डी लोहारा।वनांचल क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शाला माटरी में पदस्थ अंग्रेजी माध्यम की शिक्षिका ताविशी अंसारी को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। लंबे समय से चली आ रही शिकायतों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में तालाबंदी कर उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षिका ताविशी अंसारी लंबे समय तक अवकाश पर रहती हैं। अवकाश समाप्त होने के बाद कुछ दिनों के लिए विद्यालय आती हैं, फिर पुनः अवकाश में चली जाती हैं। इस लगातार अनुपस्थिति के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, लेकिन शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या पर आंख मूंदे बैठा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वे कई बार जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं। यहां तक कि जनदर्शन में भी अपनी बात रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासनिक उदासीनता से क्षुब्ध ग्रामीणों ने मजबूर होकर बुधवार से स्कूल में ताला जड़कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक शिक्षिका को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मामले ने अब शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You cannot copy content of this page