DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

TET परीक्षा में ड्रेस कोड सख्त: काले-नीले-गहरे रंग के कपड़ों पर रोक, 1 फरवरी को होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने परीक्षार्थियों से दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की

बालोद। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने 01 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में शामिल होने वाले जिले के सभी परीक्षार्थियों से व्यापम के निर्देशों का कड़ाई से पालन कर परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की है।
व्यापम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा दिवस किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, जिससे फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके।
दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए मुख्य द्वार सुबह 9.00 बजे बंद कर दिया जाएगा। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3.00 बजे प्रारंभ होगी, जिसके लिए मुख्य द्वार 2.30 बजे बंद होगा।
ड्रेस कोड को लेकर व्यापम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा में उपस्थित होना होगा।
काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूर्णतः वर्जित रहेगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर जांच कराना अनिवार्य रहेगा। स्वेटर के लिए रंग या आधी बांह का कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा तथा अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही ऐसी पोशाक की अनुमति दी जाएगी। परीक्षार्थियों को फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने के निर्देश दिए गए हैं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः निषिद्ध है। परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ ला सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि व्यापम द्वारा 20 जिलों में 01 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली (प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 1 लाख 19 हजार एवं द्वितीय पाली (माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 2 लाख 05 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

You cannot copy content of this page