DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर पंचायत की विशेष ग्राम सभा में नाली सफाई, झुंडापारा नाली निर्माण व आंगनबाड़ी सुरक्षा के मुद्दे रहे प्रमुख

बालोद। जगन्नाथपुर पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सरपंच श्रीमती देव कुंवर कोसीमा ने की। ग्राम सभा में सचिव श्री खिलेश कुमार साहू, उप सरपंच श्री मनोज सूकतेल, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में गांव की नाली सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने नालियों की नियमित सफाई न होने से उत्पन्न समस्याओं को रखा। इसके साथ ही झुंडापारा में नाली निर्माण एवं विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में 25 ग्रामीणों द्वारा लिखित आवेदन देकर झुंडापारा में नाली निर्माण की मांग की गई।
नालियों में कचरा फेंके जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और ग्रामीणों से अपील की कि नालियां सभी के उपयोग के लिए होती हैं, जिनसे गंदे व बरसाती पानी की निकासी होती है। इन्हें कूड़ादान की तरह इस्तेमाल न करें। पंचायत द्वारा शीघ्र ही गांव में कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
ग्राम सभा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी पटेल ने असामाजिक तत्वों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में उत्पात मचाए जाने को लेकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया। ग्राम सभा में उठाए गए सभी विषयों पर पंचायत द्वारा आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।

You cannot copy content of this page