बालोद | 28 जनवरी 2026.छत्तीसगढ़ राज्य में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कई नवीन प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का विधिवत लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर थाना सनोद के नवीन थाना भवन के साथ-साथ 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद, 19वीं वाहिनी जगदलपुर, 20वीं वाहिनी महासमुंद परसदा एवं 22वीं वाहिनी कांकेर भिरागांव में नवनिर्मित प्रशासनिक भवनों एवं विभिन्न आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस एवं सुरक्षा बलों के लिए आधुनिक प्रशासनिक ढांचा और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे न केवल पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि उन्हें एवं उनके परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण भी प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि नव-निर्मित प्रशासनिक भवनों में आधुनिक कार्यालय व्यवस्था, आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। वहीं, आवासीय भवनों के निर्माण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल को सशक्त एवं आधुनिक बनाने हेतु आधारभूत संरचनाओं का विकास निरंतर किया जा रहा है। प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का निर्माण पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कार्य-परिस्थितियों को भी बेहतर बनाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस एवं सुरक्षा बलों के कल्याण, सुविधाओं और आधुनिकीकरण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बालोद पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा कैलेंडर” का वितरण भी किया गया।
वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद में चेमन देशमुख (भाजपा अध्यक्ष), यज्ञदत्त शर्मा (उपाध्यक्ष, लघु एवं वनोपज संघ), प्रतिभा चौधरी (नगर पालिका अध्यक्ष, बालोद), प्रीतम साहू (पूर्व विधायक), पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, कमांडेंट ज्योति सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, उप सेनानी डॉ. आई. आर. खान, डीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। यह लोकार्पण कार्यक्रम राज्य में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं पुलिस बल के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
पुलिस ढांचे को मिली नई मजबूतीमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से थाना व वाहिनियों के प्रशासनिक व आवासीय भवनों का किया लोकार्पण
