DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नुक्कड़ नाटक से लेकर लर्निंग लाइसेंस तक, सड़क सुरक्षा का मजबूत संदेश

बालोद में सड़क सुरक्षा माह के तहत बाजारों, कैंपों और कैलेंडर से फैलाई जागरूकता

बालोद | 28 जनवरी 2026 सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में विविध जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को बालोद के साप्ताहिक बाजार में पुलिस विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (लो.नि.वि.) बालोद के संयुक्त प्रयास से “सड़क सुरक्षा” विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में “बालोद के रंग” के कलाकारों द्वारा प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बाजार आए नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा पाम्पलेट वितरण कर उन्हें हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। लो.नि.वि. बालोद की श्रीमती पूर्णिमा कौशिक, कार्यपालन अभियंता का भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज ही राजहरा में लर्निंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस कैंप में कुल 74 वाहन चालकों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद युवाओं में यातायात नियमों के प्रति उत्साह और जागरूकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कैंप में उपस्थित युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।
इसी दौरान “यातायात जागरूकता कैलेंडर 2026” का विमोचन पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल द्वारा प्रशासनिक भवनों एवं विभिन्न आवासीय भवनों के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर किया गया। इस कार्यक्रम में श्री यज्ञदत्त शर्मा, श्रीमती प्रतिभा चौधरी, श्री चेमन देशमुख, श्री प्रीतम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस कैलेंडर के माध्यम से वर्षभर सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और संदेशों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, ताकि नागरिक सुरक्षित, जिम्मेदार और नियमबद्ध यातायात व्यवहार अपनाएं। बालोद पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान जारी है।

You cannot copy content of this page