स्टेडियम बालोद में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री गुरु खुशवंत जी ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
बालोद। डौंडीलोहारा नगर पंचायत निवासी राहुल उपाध्याय को शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्टेडियम बालोद में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि मंत्री गुरु खुशवंत जी के करकमलों से प्रदान किया गया।तहसील आफिस में लोकसेवा ऑपरेटर के रूप में कार्यरत राहुल उपाध्याय द्वारा ई–डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्रों के त्वरित निराकरण, विद्यालयों में बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट, अपार आईडी निर्माण, सुशासन तिहार – प्रशासन गांव की ओर अंतर्गत शिविरों के सफल आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। उनके कार्यों से आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला और शासकीय सेवाओं की पहुंच को और अधिक सरल व प्रभावी बनाया गया।
उनकी कार्यशैली में कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। आमजन की समस्याओं के प्रति त्वरित समाधान और सकारात्मक व्यवहार के चलते उन्होंने प्रशासन एवं नागरिकों के बीच एक विश्वसनीय पहचान स्थापित की है।
सम्मान समारोह के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत जी ने राहुल उपाध्याय के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ एवं समर्पित युवा शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह सम्मान न केवल राहुल उपाध्याय के लिए, बल्कि डौंडीलोहारा नगर पंचायत एवं पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
