अन्नुटोला–रेंगाडबरी सड़क की बदहाली पर जनपद अध्यक्ष कांति प्रकाश सोनबरसा ने उठाया मुद्दा



अधिकारियों को दिए शीघ्र निरीक्षण व मरम्मत के निर्देश, ग्रामीणों में जगी उम्मीद

डौण्डी लोहारा। डौण्डी लोहारा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत अन्नुटोला से रेंगाडबरी जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष कांति प्रकाश सोनबरसा ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित पहल की है। इस संबंध में जिला पंचायत सभा कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा कर सड़क समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनपद अध्यक्ष कांति प्रकाश सोनबरसा ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शीघ्र स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि जल्द ही इंजीनियर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे तथा मरम्मत कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डौण्डी लोहारा वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेंगाडबरी से अन्नुटोला को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई गिट्टी और उड़ती धूल के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना एवं वाहन आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि चारपहिया वाहन बार-बार खराब हो रहे हैं, कहीं पंचर तो कहीं फंसने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे साइकिल एवं दोपहिया वाहन से आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में कीचड़ एवं फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया, तो आंदोलन एवं चक्काजाम जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं।
हालांकि, जनपद पंचायत अध्यक्ष कांति प्रकाश सोनबरसा द्वारा मामले का त्वरित संज्ञान लेने एवं अधिकारियों से सीधे संवाद के बाद ग्रामीणों में अब शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत भीमटोला की सरपंच गोमती बाई नायक सहित अंकुश कुंजाम, तिलक राम कोरेटी, परमेश्वर कुंजाम, रिखी राम यादव, नोहर साहू, इमरान खान, लोमन कुंजाम, गैंदलाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— नेमन साहू, रेंगाडबरी

You cannot copy content of this page