24–25 जनवरी को होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम, विधायक अनिला भेड़िया रहेंगी मुख्य अतिथि
डौंडीलोहारा। डौंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पुनारकसा (खैरकट्टा) में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दो दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता एवं पी.डी.एस. भवन लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 24 एवं 25 जनवरी 2026 को आयोजित होगा, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को शाम 5 बजे उद्घाटन समारोह के साथ किया गया।
इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डौंडी लोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेड़िया शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत खैरकट्टा के सरपंच अमरसिंह खरे करेंगे। वहीं जिला पंचायत सदस्य राजाराम तारम, पूर्व मंडी अध्यक्ष, कांग्रेस प्रतिनिधि, अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्राम पंचायत के पदाधिकारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दो दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्र की विभिन्न मानस मंडलियां रामचरितमानस की सुमधुर चौपाइयों, दोहों एवं भजनों की प्रस्तुति देंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
इसी अवसर पर पी.डी.एस. भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी सुविधाएं और अधिक सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। आयोजन समिति ने इसे ग्राम विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कार्यक्रम का समापन समारोह 25 जनवरी 2026, रविवार को रात्रि 9 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्राम एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति एवं युवा जनजागृति मानस समिति द्वारा समस्त ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
— नेमन साहू, रेंगाडबरी
