DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में 4 से 6 फरवरी तक राज्य स्तरीय स्वामी आत्मानंद कुंभज हॉकी प्रतियोगिता

15 जिलों की टीमों की सहभागिता, तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक

बालोद। बालोद जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में 4 फरवरी से 6 फरवरी तक राज्य स्तरीय स्वामी आत्मानंद कुंभज हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बालोद रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष तोमन साहू, उपाध्यक्ष जिला पंचायत बालोद एवं चेयरमेन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी रायपुर ने की।
बैठक में बताया गया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 15 जिलों की टीमें भाग लेंगी, जहां खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। जिलाध्यक्ष तोमन साहू ने जानकारी दी कि बालोद जिले में यह प्रतियोगिता लगातार दूसरे वर्ष आयोजित की जा रही है और इस वर्ष भी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
संघ के सचिव तोरण सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए संघ के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। वहीं संघ के संरक्षक राजेश घोड़ेसवार, रुपेन्द्र सिन्हा एवं गमनेश्वर तारम ने जिले के खिलाड़ियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
बैठक में हॉकी संघ के सदस्य रघुनंदन गंगबेर, सूर्यकांत सिन्हा, शैलेन्द्र सोनवानी, सौरभ शर्मा, रामकुमार सिन्हा, घनश्याम सिन्हा, मोतीलाल सिन्हा, दीपक तारम सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय खेल संस्कृति में हॉकी का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यह खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन एवं परिश्रम जैसे जीवन मूल्यों की भी शिक्षा देता है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बालोद जिले सहित प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

You cannot copy content of this page