DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की हीरक जयंती पर 75 रुपये का चाँदी का स्मारक सिक्का जारी

बालोद।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा 75 रुपये का चाँदी का स्मारक सिक्का जारी किया गया है। यह सिक्का मुंबई टकसाल द्वारा जारी किया गया है, जो बालोद के वरिष्ठ सिक्का संग्राहक डॉ. प्रदीप जैन को प्राप्त हुआ है। डॉ. प्रदीप जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एक स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक और धर्मनिरपेक्ष संगठन है, जो बच्चों और युवाओं में अच्छी नागरिकता, अनुशासन, सेवा-भाव तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। यह संगठन युवाओं के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक विकास पर विशेष बल देता है, ताकि वे जिम्मेदार और सृजनशील नागरिक बन सकें।


भारत में स्काउटिंग आंदोलन की शुरुआत वर्ष 1909 में बेंगलुरु के कॉटन बॉयज़ स्कूल से हुई थी। स्वतंत्रता के पश्चात विभिन्न स्काउट संगठनों के विलय के बाद वर्ष 1950 में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का औपचारिक गठन हुआ। यह संस्था सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के अंतर्गत पंजीकृत है।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय भवन का उद्घाटन वर्ष 1963 में किया गया था। वर्तमान में यह संगठन देश-भर में लाखों बच्चों और युवाओं को सेवा, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़ रहा है।
संस्था की हीरक जयंती को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से जारी किया गया यह 75 रुपये का चाँदी का सिक्का स्काउटिंग आंदोलन के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का प्रतीक है।

You cannot copy content of this page