बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद में 22 जनवरी को शाला विकास एवं प्रबंधन समिति की चौथी त्रैमासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष श्रीमती रोहिणी साहू ने की, जबकि समिति संरक्षक नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, सदस्य श्री वाय. के. देशमुख, श्रीमती अरुणा पटेल, श्रीमती चंपेश्वरी पटेल और शाला का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। नवपदस्थ प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर का सभी सदस्यों ने हार्दिक स्वागत किया।
बैठक में स्वास्थ्य जांच, वार्षिक उत्सव, पुस्तकालय, सिलेबस रिवीजन, गुणवत्ता एवं बोर्ड परीक्षा, तथा सुभाष चंद्र बोस जयंती मनाने सहित अन्य विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
नगर पालिका के श्री कमलेश सोनी ने मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से महीने में कम से कम एक बार स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था शाला परिसर में कराने का निर्णय लिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर भाषण, रंगोली और निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर उनके देश के प्रति योगदान को याद करने का प्रस्ताव भी समिति ने अनुमोदित किया।
बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन करने का निर्देश भी समिति द्वारा दिया गया।
समिति सदस्य श्री वाय. के. देशमुख ने कहा कि वे प्रतिवर्ष गरीब बच्चों की आर्थिक सहायता के लिए 5,000 रुपये शाला को प्रदान करते आए हैं। उन्होंने नई घोषणा करते हुए कहा कि दसवीं और बारहवीं में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके द्वारा दी जाएगी। शाला परिवार ने उनके योगदान और सतत सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
साथ ही, समिति सदस्य श्री डी. एस. देशमुख द्वारा वार्षिक परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों के लिए 5,000 रुपये का प्रोत्साहन प्रतिवर्ष प्रदान करने की घोषणा की गई।
शाला अनुदान, आय-व्यय और संचालन व्यवस्था की जानकारी समिति को दी गई। समिति ने शाला संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए शाला परिवार को आगे बढ़ने और भविष्य की योजनाओं को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चौथी त्रैमासिक बैठक, स्वास्थ्य, शिक्षा और छात्र प्रोत्साहन पर हुई चर्चा
