राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026: बस्तर विधानसभा के ईआरओ गगन शर्मा होंगे राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित



रायपुर/ बस्तर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट निर्वाचन कार्य के लिए अधिकारियों का चयन किया गया है। इसी क्रम में बस्तर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) गगन शर्मा का चयन ईआरओ पुरस्कार हेतु किया गया है।
कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह समारोह निर्धारित सभागार में आयोजित होगा, जिसमें चयनित अधिकारियों को प्रातः 11:00 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी.एस. धरु द्वारा जारी पत्र के माध्यम से संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को चयनित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर ईआरओ गगन शर्मा ने कहा—
“यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।”
गगन शर्मा के चयन से निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। मतदाता जागरूकता, मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में उनके द्वारा किए गए प्रयासों को यह सम्मान एक महत्वपूर्ण मान्यता प्रदान करता है।

You cannot copy content of this page