बालोद। बालोद एवं छत्तीसगढ़ के अंग्रेजी विषय के विशेषज्ञ अरुण कुमार साहू ने हाल ही में सोनीपत (हरियाणा) में आयोजित अंग्रेजी भाषा के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। यह इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस “ऑल इंडिया नेटवर्क ऑफ इंग्लिश टीचर्स (AINET)” के बैनर तले “English Language Education Today: Educate, Empower, Employ, Innovative” थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस सम्मेलन में भारत के साथ-साथ नेपाल, भूटान, मलेशिया, ब्रिटिश काउंसिल, रेलो अमेरिकन एंबेसी सहित विभिन्न देशों एवं संस्थानों से आए शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। छत्तीसगढ़ एवं बालोद का प्रतिनिधित्व करते हुए अरुण कुमार साहू ने “Using Newspaper to Develop Critical Reading and Speaking Skills” विषय पर अपना सारगर्भित शोध पत्र प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित विशेषज्ञों ने सराहा।
अपने शोध पत्र के माध्यम से अरुण कुमार साहू ने कक्षागत शिक्षण में शिक्षक की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को विभिन्न शिक्षण विधियों, तकनीकों और प्रभावी एप्रोच के माध्यम से सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षकों को कक्षा में टीचर टॉक टाइम कम कर स्टूडेंट्स टॉक टाइम बढ़ाना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी बात रखने और भाषा कौशल विकसित करने का अधिक अवसर मिल सके।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान नई शिक्षा नीति 2020, आधुनिक पेडागॉजी, प्रोफेशनल डेवलपमेंट और नवाचारी शिक्षण विधियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अरुण कुमार साहू की इस उपलब्धि को शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखा जा रहा है, जिससे बालोद जिले की शैक्षणिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
